जमशेदपुर : वेल्लोर इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी में नामांकन के नाम पर लाखों की ठगी करने के आरोपी मानगो निवासी राहुल कुमार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस संबंध में सीतारामडेरा निवासी विजय कुमार दास ने मानगो निवासी राहुल कुमार सिंह पर वेल्लोर इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी में नामांकन के नाम पर 34 लाख ठगी करने का मामला दर्ज कराया है. इसके बाद सीतारामडेरा पुलिस कार्र्वाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया.इस संबंध में भुक्तभोगी विजय कुमार दास ने बताया कि अपने भतीजा का वीआईटी में नामांकन कराना है. इसके लिए राहुल ने नकदी, पेटीएम व फर्जी बैंक ऋण यानी कुल मिला कर 34 लाख की ठगी की है. (नीचे भी पढ़े)
एडमिशन के नाम पर राहुल रुपयों की मांग करता गया, इस पर वे देते गए. उसने अपने अकाउंट कई बार रुपये भी ट्रांसफर किए. इस दौरान उनके नाम पर फर्जी कागजात बनाकर बैंक से लोन भी निकाल लिया.विजय कुमार दास ने बताया कि उन्होंने अपने भतीजे को वेल्लोर स्थित वीआईटी भेजा. उस क्रम में ट्रेन में उसे डराया-धमकाया गया. किसी तरह वीआईटी पहुंचने पर उस गेट के अंदर नहीं घुसने दिया गया. वहीं जालसाजों के द्वारा उसे अपने घर में अभिभाकों को इस संबंध में कुछ भी नहीं बताने की चेतावनी दी गयी. इस वजह से उनका भतीजा वेल्लोर से लौटने के बाद अक्सर उदास और शांत रहने लगा. उसकी यह स्थिति देख कर ई-मेल के माध्यम से वीआईटी के रजिस्ट्रार के एडमिशन के संबंध में जानकारी मांगी गयी.उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रार ने जवाबी ई-मेल संदेश भेजते हुए बताया कि उनके भतीजे का संस्थान में एडमिशन ही नहीं हुआ है. उन्होंने राहुल द्वारा दिये गये कागजात के संबंध में पूछा, तो संस्थान की ओर से बताया गया कि सभी कागजात फर्जी हैं. साथ ही कानून की शरण में जाने की सलाह दी गयी. इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज करायी.



