जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी लोहार लाइन स्थित बेदी सत्संग सभा श्रीराम मंदिर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. बुधवार को स्थानीय लोगों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर श्याम सिंह उर्फ चिकना पर क्षेत्र का साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि मामला हाईकोर्ट में लंबित है. स्थानीय सूरज प्रकाश ने बताया कि श्याम सिंह एक आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है जो विगत लॉकडाउन से ही मंदिर पर कब्जा जमाये बैठा है. इसको लेकर हाई कोर्ट में रिट दायर किया गया है. बावजूद इसके मंदिर का व्यावसायिक उपयोग कर रहा है. अब उसकी हिमाकत इतनी बढ़ गई है कि मंदिर में बाहर से दर्शन करने आनेवाले लोगों पर पत्थर फेंकवाता है और भद्दी-भद्दी गालियां देता है. यहां तक कि महिलाओं पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां करता है. स्थानीय लोग उसके इस कृत्य से भयभीत हैं. उन्होंने बताया कि पिछले दिनों उपायुक्त से शिकायत किये जाने के बाद एसडीओ ने स्थल का भौतिक सत्यापन किया था और श्याम सिंह से कोर्ट का निर्णय आने तक मंदिर में निर्माण कार्य बंद रखने का निर्देश भी दिया था. बावजूद इसके श्याम सिंह न केवल अवैध निर्माण करा रहा है, बल्कि मंदिर आने-जानेवाले लोगों को परेशान भी कर रहा है.











