चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के खूंटपानी केजीबीवी की 61 छात्राओं के आधी रात को होस्टल से निकल कर पैदल चाईबासा पहुंचने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. जिला प्रशासन की पहल पर स्कूल होस्टल की वार्डन एवं कई शिक्षिकाओं व लेखापाल का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है. वहीं होस्टल के रात्रि प्रहरी को भी तत्काल प्रभार से सेवा मुक्त कर दिया गया है. दूसरी ओर छात्राओं को होस्टल से निकल कर डीसी ऑफिस तक जाने के लिए एक छात्रा के अभिभावक द्वारा भड़काये जाने की सूचना पर डीसी अनन्य मित्तल ने इस मामले की शीघ्र जांच करने का निर्देश भी दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि विगत दिनों खूंटपानी केजीबीवी के 61 छात्राएं आधी रात को होस्टल की दीवार फांद कर पैदल 18 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय पहुंच गयी थीं. वहां उन्होंने स्कूल की वार्डन के द्वारा गलत व्यवहार किये जाने सहित स्कूल में कई तरह से प्रताड़ित किये जाने का आरोप लगाया था. जिले के उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर होस्टल के नाइट गार्ड को तत्काल प्रभाव से सेवा मुक्त कर दिया गया, जबकि होस्टल की वार्डन एवं कई शिक्षिकाओं व स्कूल के लेखापाल का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है. इस बीच 11वीं कक्षा की एक छात्रा के अभिभावक रघुनाथ महतो द्वारा छात्राओं को डीसी ऑफिस जाने के लिए भड़काये जाने की खबर मिलने पर डीसी ने मामले की शीघ्र जांच करने का निर्देश दिया है. जिला शिक्षा विभाग ने डीसी के निर्देश पर मामले की जांच शुरू भी कर दी है.












