जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो पुल के ठीक बगल मेन रोड पर कुछ युवकों ने बारीडीह के रहने वाले एक युवक पर फायरिंग कर दी. इस फायरिंग की घटना में युवक बाल बाल बच गया. बताया जाता है कि बारीडीह निवासी विराट सिंह मानगो पोस्ट ऑफिस रोड में एक जिम में जिम करने के बाद लौट रहा था. उसके साथ एक दोस्त भी था. जैसे ही वह मेन रोड में आया, वैसे ही एक स्कूटर को ओवरटेक कर कुछ युवकों ने रोक दिया. उसको कहा कि क्यों इतनी तेजी से गाड़ी चला रहा है. इसके बाद विराट सिंह आगे निकल गया. फिर मानगो पुल के पास स्थित इंदू मेंशन के समीप स्कूटर सवार युवकों के कुछ दोस्त खड़े थे, जहां फिर से विराट सिंह को लड़को ने रोका. लड़कों ने उसकी पिटाई कर दी.(नीचे भी पढ़े)
पिटाई करने के बाद किसी ने उस पर गोली चला दी. गोली उसके बायें हाथ में लगी. गोली आर पार कर गयी. उसको तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. गोली चलाने के बाद सारे युवक स्कूटर छोड़कर भाग गये. घटना की सूचना मिलने के बाद मानगो पुलिस मौके पर पहुंची. घायल को एमजीएम अस्पताल ले गये जबकि स्कूटर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है. पुलिस अपराधियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है.











