जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रखंड परिसर में वार्ड सदस्य सह उप मुखिया संघ की एक बैठक आयोजित हुई. इसमें जिला परिषद् अध्यक्ष बारी मुर्मू के 24 जनवरी को डीसी ऑफिस पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने पर विचार विमर्श हुआ. संघ के अध्यक्ष राकेश चौबे की अध्यक्षता में आय़ोजित बैठक को संबोधित करते हुए राकेश चौबे ने कहा कि इन दिनों बीडीओ, सीओ बेलगाम हो गए हैं. पंचायत प्रतिनिधियों को जनहित से संबंधित समस्याओं के समाधान एवं अपना अधिकार पाने के लिए धरना-प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल करना पड़ रहा है. इससे अफसरशाही हावी हो रही है. वहीं संघ के संरक्षक सुनील गुप्ता ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की एकजुटता से ही सरकारी पदाधिकारियों में भय उत्पन्न होगा. पूर्व उप मुखिया कुमोद यादव ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की एकजुटता से ही पिछले दिनों धरना पर बैठे पंचायत प्रतिनिधियों की मांगें माननी पड़ीं और वहां वार्ड सदस्य सह उप मुखिया संघ की मांगों को पूरा करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से आगामी 24 जनवरी को जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू द्वारा उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को पूर्ण समर्थन देने कानिर्णय लिया गया. इसके अलावा इस धरना-प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय भी लिया गया. बैठक में मुख्य रूप से वार्ड सदस्य सह उप मुखिया संघ के राकेश चौबे, सुनील गुप्ता, कुमोद यादव, मैनुल खान, संतोष ठाकुर, मुकेश सिंह, आलम ताज, अरमान खान, पूनम मुंडा, सीमा मुखर्जी, सुरेश निषाद, रमेश प्रसाद, पूर्णिमा भूमिज सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे.











