अनिल कुमार/ बोकारो : बोकारो जिले में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. बोकारो के सेक्टर 12 स्थित पुलिस लाइन में राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो झंडोत्तोलन करेंगे. इससे पूर्व आज डीसी कुलदीप चौधरी और एसपी चंदन झा ने फुल ड्रेस रिहर्सल के तहत परेड का निरीक्षण किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान 13 प्लाटून एवं दो कस्तूरबा बालिका विद्यालयों की छात्राओं ने आकर्षक बैंड की प्रस्तुति दी. गणतंत्र दिवस के दिन 15 विभिन्न विभाग अपनी झांकियों के माध्यम से अपने विभागों की जानकारी देंगे. डीसी कुलदीप चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज संयुक्त रूप से फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया है. इसमें जो कमियां हैं, उन्हें दूर किया जाएगा. बोकारो जिले में राष्ट्रीय त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा.(नीचे भी पढ़ें)

एसपी चंदन झा ने बताया कि परेड में जो भी थोड़ी बहुत कमियां हैं, उन्हें दूर करने के निर्देश दिये गये हैं. उन्होंने बताया कि इस दौरान जिले के सभी इलाकों में पुलिस फोर्स की तैनाती की जाएगी, ताकि इस दौरान कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हो. सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये जा रहे हैं. आज फुल ड्रेस रिहर्सल में 13 प्लाटूनों ने बेहतर परेड का प्रदर्शन किया.



