पोचेस्ट्रूम: भारत ने पहले अंडर-19 विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है. भारतीय टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को 7 विकेट से हरा दिया. टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करते हुए भारत ने इंग्लैंड को 17.1 ओवर में 68 रन पर ऑल आउट किया. फिर 14 ओवर में 3 विकेट पर ही टारगेट हासिल कर लिया. सौम्या तिवारी ने जीत का शॉट लगाया. टीम इंडिया की ओर से सौम्या तिवारी 24 रन और हरिषिता बसु शून्य पर नाबाद रहीं. वहीं, कप्तान शेफाली वर्मा 15, गोंगडी त्रिषा 24 और उप कप्तान श्वेता सेहरवात 5 रन बनाकर आउट हुईं. (नीचे भी पढ़े)
इंग्लैंड की ओर से हनाह बेकर, एलेक्स स्टोनहाउस और ग्रेस स्रीवंस ने एक-एक विकेट झटके.इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने पहली बार ही विमेंस का अंडर-19 वर्ल्ड कप आयोजित कराया. 20 ओवर फॉर्मेट में हो रहे टूर्नामेंट की मेजबानी साउथ अफ्रीका को मिली. इंग्लैंड को हराकर टीम इंडिया इस टूर्नामेंट की पहली चैंपियन बनी. भारत पुरुषों की भी अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन है. 2022 में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को ही हराया था.



