मलेशिया : झारखंड की बेटियों ने एक बार फिर से देश का नाम रौशन किया है. मलेशिया में आयोजित 14वीं एशियाई लॉनबॉल चैंपियनशिप का खिताब भारत ने अपने नाम कर लिया है. फाइनल मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 17-16 से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस जीत में झारखंड के खिलाडियों का योगदान अहम रहा. टीम में झारखंड से कॉमन वेल्थ मेडलिस्ट रूपा रानी तिर्की (डीएसओ रामगढ़) और लवली चौबे (झारखंड पुलिस) शामिल थी. (नीचे भी पढ़ें)
दोनों ने शानदार खेल का परिचय देते हुए झारखंड के साथ साथ पूरे भारत का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया. इससे पहले भारतीय महिला फोर्स टीम ने सेमीफाइनल में हॉन्ग कॉन्ग को 14-11 से हरा कर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की थी. वहीं प्रांरभिक राउंड में भारत को मलेशिया से हार का सामना करना पड़ा था. इस उपलब्धि पर खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक डॉ. सरोजनी लकड़ा, झारखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आरके आनंद, रूपा रानी तिर्की एवम लवली चौबे के प्रशिक्षक सह झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक, आशीष झा, रितेश झा, शिवेंदु दुबे, आलोक मिश्रा, रोहित सिंह, शाशांक भूषण सिंह, सी डी सिंह समेत राज्य के खेल प्रेमियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी हैं.











