जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी क्षेत्र में चोरों ने मंगलवार देर रात चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने का प्रयास किया. चोरों ने हरि मंदिर से टॉप चौक तक करीब पांच दुकानों को निशाना बनाया. इस दौरान अलग-अलग दुकानों के ताले तोड़ने और शटर खोलने की कोशिश की गई. हालांकि, चोर किसी भी दुकान में बड़ी चोरी करने में सफल नहीं हो सके. दुकानदारों के अनुसार, चोरों ने चोरी के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए. कहीं दुकान के ताले में केरोसिन डालकर आग लगाने का प्रयास किया गया, तो कहीं ताले को तोड़ने की कोशिश की गई. एक दुकान का ताला तोड़ने के बाद भी चोर शटर खोलने में नाकाम रहे. वहीं, एक अन्य दुकान के बाहर रखे कोल्ड ड्रिंक के फ्रिज से कुछ बोतलें चोरी कर ली गईं. (नीचे भी पढ़ें)

बुधवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो उन्हें ताले टूटे और चोरी के प्रयास के निशान मिले. इसके बाद इलाके में घटना की चर्चा फैल गई. लगातार कई दुकानों को निशाना बनाए जाने से दुकानदारों में भय का माहौल है. स्थानीय दुकानदारों ने रात के समय पुलिस गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि बाजार क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं होने से व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.












