चतरा: चतरा जिले के टंडवा में स्थित एनटीपीसी परियोजना में निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 पर वजन डालने का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक भारी काउंटर वेट गिर गया. इसकी चपेट में पांच मजदूर आ गए. हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य घायल हो गए. इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद परियोजना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई.जानकारी के अनुसार, पाइप कन्वेयर-2 के काउंटर वेट में वजन डालने का काम चल रहा था. (नीचे भी पढे)
इसी दौरान काउंटर वेट अचानक नीचे गिर गया. वहां काम कर रहे पांच मजदूर इसकी चपेट में आ गए. घटना में राजू सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से तत्काल संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.मृतकों की पहचान बिहार निवासी बबलू सिंह (40 वर्ष), हजारीबाग निवासी बालेश्वर पासवान (42 वर्ष) और टंडवा निवासी राजू सोनू के रूप में बताई गयी है.हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है. वहीं, मामूली रूप से चोटिल दूसरे मजदूर का इलाज एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में चल रहा है.












