रांची : अपनी बल्लेबाजी से पूरी दुनिया को अपना दीवाना बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी को किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है. तीनों आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली टीम का नेतृत्व महेंद्र सिंह धोनी ने किया है. अपने लीक से हटकर लिए गए फैसलों को लेकर पूरी दुनिया धोनी की कायल है. रिटायर होने के बाद भी धोनी ने लीक से हटकर काम किया और खेती बाड़ी में अपना हाथ आजमाया. माही के फार्म हाउस में स्ट्रॉबेरी और अमरूद के अलावा कई तरह की सब्जियां भी उगाई जाती हैं. वहीं, उनके कड़कनाथ मुर्गे की खूब डिमांड रहती है. (नीचे भी पढ़ें)
इस बीच महेंद्र सिंह धोनी ने मछली पालन में अपना हाथ आजमाया है. मछली पालन की तैयारी के लिए धोनी ने सात महीने पहले ही दो तालाब खुदवाए थे. जिनमें 8000 मछलियों का जीरा छोड़ा गया था. मछलियां अब मार्केट में बिकने को तैयार है. मछलियां 500 ग्राम से लेकर डेढ़ किलो की हो चुकी हैं. इन दोनों तालाबों में रोहू, कतला और तेलपिया मछलियों की फार्मिंग की गई है. पहले तालाब में 5000, तो दूसरे में 3000 मछली का जीरा डाला गया था. इन तालाबों की निगरानी एक विशेष टीम के हाथ में सौंपी गई है. बताते चले कि धोनी नॉनवेज खाने के काफी शौकीन हैं. उन्हें देशी मुर्गा और मछली के विभिन्न व्यंजन खाने काफी भाता है.



