हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही के लाटी में होली की रात दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई. इसमें बरही के एसडीपीओ नाजिर अख्तर समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी के अलावा दोनों पक्षों के करीब 10 लोग घायल हुए है. मामले को शांत कराने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. स्थिति को काबू में करने के लिए जैप के जवान को गांव में उतारा गया. पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. फिलहाल लाटी गांव में अघोषित कफ्यरू जैसा माहौल है. पुलिस ने एक युवक विक्की ओझा को गिरफ्तार किया है. घटनास्थल से एक देसी कट्टा और कुछ आग्नेशास्त्र भी बरामद किया गया है. फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है. होली के दिन हमेशा की तरह गांव में बैठकर कुछ युवक ताश खेल रहे थे. इसी बीच उसी गांव के कुछ युवक उन लोगों को होली है, कहकर रंग खेलने के लिए जोर देने लगे. इसी बीच दोनों पक्षों के बीच में कहासुनी शुरू हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों में मारपीट के साथ पथराव और हिंसक झड़प होने लगी. मारपीट के दौरान दोनों पक्षों की ओर से अवैध हथियार भी निकाल लिये गए. सूचना मिलते ही पदमा पुलिस भी पहुंची, लेकिन मारपीट पर उतारू दोनों पक्षों को काबू में नहीं कर सकी. इसके बाद एसडीपीओ नाजिर अख्तर को अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर आना पड़ा. मामला शांत कराने पहुंची पुलिस के साथ भी युवक भिड़ गये. फिर युवकों ने पुलिस पर जमकर पथराव किये. इस झड़प में एसडीपीओ को चोट लगी, आधा दर्जन पुलिस के जवान भी घायल हो गए. जैप के जवान पूरे क्षेत्र में कैंप कर रहे हैं. शरारती तत्वों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.



