जमशेदपुर : जमशेदपुर के पीडीएस लाभुकों को ससमय राशन मिले, सही मात्रा में मिले इसको लेकर जिले भर के पीडीएस दुकानों का जमशेदपुर की उपायुक्त विजया जाधव के नेतृत्व में पिछले 1 माह से औचक जांच किया जा रहा. उपायुक्त ने सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी, बीडीओ व सीओ को एक दिन में 5-5 पीडीएस दुकानों के जांच तथा लाभुकों से भी फीडबैक लेने के निर्देश दिए हैं. इसी क्रम में प्रखंडों के वरीय प्रभारी में से एसडीएम धालभूम पीयूष सिन्हा, निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा, निदेशक एनईपी ज्योत्सना सिंह, अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा, जिला आपूर्ति पदाधकारी राजीव रंजन, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी दीपू कुमार, डीसीएलआर रविन्द्र गागराई, जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन, उप निर्वाचन पदाधिकारी कानू राम नाग समेत सभी बीडीओ, सीओ एवं कार्यपालक दण्डाधिकारी ने पीडीएस दुकानों का औचक जांच किया. (नीचे भी पढ़ें)

निरीक्षण के क्रम में पीडीएस दुकानों में ऑनलाइन स्टॉक एवं वास्तविक स्टॉक का जांच, कार्डधारियों को मिलने वाली राशन की मात्रा, गुणवत्ता के बारे में जानकारी लेने के साथ साथ पीडीएस दुकानों को पिंक रंग से रंगने, दुकान के बाहर लाभुकों की सूची लगाने, सूचना पट्ट में फोर्टिफाइड चावल को लेकर जागरूकता, जनशिकायत पंजी रखने, मुफ्त राशन वितरण की जानकारी प्रदर्शित की गई है या नहीं इसकी जांच का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही मापतौल मशीन का ईपॉश मशीन से कनेक्शन है या नहीं, मृत या स्थानांतरित लाभुक का नाम राशन कार्ड से हटाने में प्रगति, अपवाद में राशन उठाने वाले लाभुकों का सत्यापन, सभी लाभुकों का आधार सीडिंग(मुखिया का आधार सीडेड है पर अन्य सदस्यों को नहीं होने की स्थिति में तथा अन्य बिंदुओं पर भी जांच का निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया है.

उपायुक्त की जिलेवासियों से अपील- राशन की कालाबाजारी, कम मात्रा में देना, गुणवत्ता में कमी आदि दिखे तो करें शिकायत, तत्काल होगी कार्रवाई
जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम जिले) की उपायुक्त विजया जाधव द्वारा जिलावासियों से निवेदन किया गया है कि आपके किसी भी जनवितरण प्रणाली दुकान संबंधी शिकायत हो जैसे अनाज कम देना, कई बार अंगूठे का निशान लेना, स्टॉक कम लाना, दुकान बंद पाया जाना, नियमित रूप से दुकान नहीं खोलना, अनाज की गुणवत्ता में कमी होना, आम जनता के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत, पीडीएस संचालक ने अपने पास लाभुक का राशन कार्ड रख लिया हो या कालाबाजारी की आशंका है तो तत्काल प्रशासन को इसकी शिकायत कर सकते हैं ताकि पीडीएस दुकान के निरीक्षण के दौरान इसकी जांच की जाए तथा जांचोपरांत शिकायत सही पाई जाती है तो कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उपायुक्त ने अपील किया कि उक्त की सूचना सबसे पहले अपने प्रखंड विकास पदाधिकारी को दें या जिला आपूर्ति पदाधिकारी से भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.












