गालूडीह: संकट मोचन हनुमान जी का 7वां महोत्सव गुरुवार को गालूडीह रेलवे स्टेशन के सामने स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर वीर हनुमान न्यास समिति की ओर से गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई. जिसमें 300 से अधिक महिलाएं शामिल हुई थी. कलश यात्रा बजरंगबली मंदिर से शुरू होकर गालूडीह मुख्य बाजार, सुभाष चौक, बनिया पाड़ा होते हुए वापस बजरंगबली मंदिर पहुंची. इस दौरान श्रद्धालु श्रीराम व हनुमानजी की जय-जयकार करते हुए आगे बढ़ रहे थे. फिर कलश स्थापना कर पुजारी रामचंद्र शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया. रामचंद्र शर्मा ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार हर वर्ष चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की उदया तिथि पूर्णिमा को हनुमान जी का जन्मोत्सव मनाया जाता है. (नीचे भी पढ़े)

चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर भगवान शिव के 11वें रुद्रावतार यानी संकटमोचन हनुमान का जन्म हुआ था. इन्हें संकटों और विपत्तियों को दूर करने वाले देवता भी कहा जाता है. वहीं, मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि वर्ष 2016 में मंदिर स्थापित किया गया था. आज हनुमान जी का 7वां महोत्सव मनाया जा रहा है. दोपहर में महाभोग का वितरण किया गया. जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाभोग ग्रहण किया. शाम को आरती के बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर से विश्व हिंदू परिषद से धर्म प्रचार प्रसार के प्रांत प्रमुख देवेंद्र गुप्ता एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष सह वर्तमान हिन्दू पीठ के संस्थापक अरुण सिंह उपस्थित रहेंगे. मौके पर समिति के सदस्य शिपु शर्मा, आशीष सिंह, रणवीर यादव, मनीष गुप्ता, साहेब हालदार, अभिषेक छत्री, विकास मन्ना, कमल माइती, प्रियब्रत दत्ता, रतन गिरी, सूरज, अरुण, राजा दास, अमित गोराई, राहुल दत्ता आदि उपस्थित थे.



