जमशेदपुर : बीडीओ प्रवीण कुमार ने बुधवार को स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जमशेदपुर के बागबेड़ा कॉलोनी क्षेत्र में कचरा प्रबंधन के लिए आये प्रस्तावों की समीक्षा की. ज्ञात हो कि विगत 9 अप्रैल को बागबेड़ा पंचायत एवं मध्य भाग बड़ा पंचायत के पंचायत प्रतिनिधियों, जिला पार्षद डॉ कविता परमार, मुखिया राजकुमार गौड़, उमा मुंडा के साथ बीडीओ की उपस्थिति में पंचायत भवन में आयोजित संयुक्त ग्रामसभा में क्षेत्र में कचरा प्रबंधन को लेकर कई प्रस्ताव आये थे.(नीचे भी पढ़े)

इस बैठक में ग्रामसभा से आये सवालों पर पंचायत प्रतिनिधियों ने बीडीओ से जानकारी मांगी, जिसमें बीडीओ ने सभी प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि 15वें वित्त आयोग से घर-घर कचरा उठाव संभव नहीं है. चाहे वह फंड पंचायत या पंचायत समिति सदस्य का हो. 15वें वित्त आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार इस फंड का उपयोग कचरा प्रबंधन के अंतर्गत पंचायत में साफ-सफाई के उपयोग में लाए जाने वाले संसाधनों की खरीद पर की जा सकती है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि ग्रामीणों के बीच किसी भी प्रकार का भ्रम ना फैला कर कचरा प्रबंधन के लिए ग्रामसभा का सफल आयोजन कर घर-घर से शुल्क का प्रस्ताव बनायें, ताकि बागबेड़ा में प्रतिनिधियों द्वारा किये गये आग्रह पर साफ सफाई का कार्य नगरपालिका द्वारा जल्द से जल्द शुरू करवाने का प्रयास किया जा सके. इस बैठक में जिला पार्षद डॉ कविता परमार, कुसुम पुर्ती, बीडीओ प्रवीण कुमार, मुखिया राजकुमार गौड़, उमा मुंडा, उप मुखिया धनंजय कुमार सिंह, संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य अभिषेक उपाध्याय, गीता देवी, बबीता सिंह, करण सिंह, प्रदीप सिंह, जितेंद्र सिन्हा, शैलेंद्र कुमार, सीमा पांडे आदि उपस्थित थे.











