अदित्यपुर : ईद को लेकर आदित्यपुर थाना में गुरुवार को शांति समिति की बैठक हुई. मेयर विनोद श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ईद की चर्चा कम हुई, पूरे समय पानी का मुद्दा छाया रहा. मुस्लिम बस्ती के सदर मो युनूस, अब्दुल मजीद समेत अन्य लोगों ने बस्ती के एच, जे और आइ रोड में पानी की आपूर्ति नहीं होने का मुद्दा उठाया. उन्होंने बताया कि यदि शुक्रवार को चांद दिखा तो शनिवार को ईद मनेगी. बस्ती के ईदगाह मैदान में सुबह 8:15 बजे सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
शांति समिति की बैठक में पानी के साथ सफाई, स्ट्रीट लाइट आदि की समस्या पर चर्चा हुई. बताया गया कि डीप बोरिंग भी नहीं चल रहा है और काफी दिनों से बंद पड़ा है. जलापूर्ति की समस्या को लेकर मेयर विनोद श्रीवास्तव ने कहा कि बस्ती में डीप बोरिंग की योजना पास हो चुकी है. लेकिन बस्ती में जगह नहीं दिया गया. एक साल से वह फंड पड़ा हुआ है. उन्होंने ईद के मौके पर टैंकर से जलापूर्ति की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. (नीचे भी पढ़ें)
मेयर ने बताया कि मुस्लिम बस्ती में रास्ता नहीं है. यदि आग लग जाये तो फायर ब्रिगेड का वाहन प्रवेश नहीं कर पायेगा. मुस्लिम बस्ती में 800 घर हैं, लेकिन एक दूसरे के घर के बीच मात्र चार फीट की ही जगह है. उन्होंने बताया कि ड्राई वार्ड 17 में प्रतिदिन 18 हजार गैलन पानी टैंकर से भेजा जा रहा है. हर दिन सभी वार्डों में 60 हजार गैलन पानी उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने सभी नगर वासियों को ईद की बधाई देते हुए शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक से जिम्मेदार विभागीय अधिकारी नदारद रहे. मौके पर थाना प्रभारी राजन कुमार, जिला बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश, वरिष्ठ नागरिक संघ के रवीन्द्र नाथ चौबे, पूर्व डीएसपी सरयू पासवान, पार्षद नीतू शर्मा, अजय सिंह, डॉ नथुनी सिंह, राकेश रमण, मनोज पासवान, मीरा तिवारी, रामचंद्र पासवान, जगदीश नारायण चौबे, देबू घोष, गोपाल प्रसाद, कुंवर सुनील सिंह, बीके तिवारी, बाबू तांती, उमेश दुबे, सुपाल झा आदि शामिल रहे.



