आदित्यपुर : आदित्यपुर क्षेत्र में वैध शराब का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. सरकारी अनुज्ञप्ति प्राप्त ठेकों के विक्रेता शराब खरीदने पहुंच रहे ग्राहकों से हर बोतल पर 10 से 20 रुपये तक अधिक वसूल रहे हैं. शराब के शौकीन तय सरकारी दर से अधिक पैसे देकर शराब खरीदने को विवश हो रहे हैं, क्योंकि उनके विरोध करने पर उन्हें या तो लौटा दिया जाता है, या उनके साथ बदसलूकी की जाती है. ऐसे कई मामले पूर्व में भी प्रकाश में आ चुके हैं. पूछने पर शराब दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों एवं लाइसेंसी द्वारा कहा जाता है, जहां शिकायत करनी है कर लो, नीचे से लेकर ऊपर तक सेटिंग है. (नीचे भी पढ़ें)
अब सवाल यह उठता है कि आखिर किस तरह की सेटिंग है! इस संबंध में या तो विभागीय अधिकारी बता सकते हैं या शराब माफिया. वैसे जिले की सभी शराब दुकानों में अवैध वसूली की शिकायतें आती रहती है, जिस पर न तो विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई की जाती है, ना ही शराब माफियों को किसी से परहेज है. खानापूर्ति के नाम पर सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित अवैध महुआ शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर विभाग अपना पल्ला झाड़ लेता है. अहम सवाल यह है कि सरकारी शराब दुकानों की आड़ में चल रहे इस गोरखधंधे के खिलाफ कभी कोई कार्रवाई क्यों नहीं होती, यह यक्ष प्रश्न है.(नीचे भी पढ़ें)
हालांकि आदित्यपुर थाना पुलिस द्वारा लगातार तीसरी बार वैध शराब के इस अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया गया है. अब सबकी निगाहें आदित्यपुर थाना पुलिस की जांच रिपोर्ट और कार्रवाई पर टिकी है कि क्या शराब माफियों पर शिकंजा कसता है या इसी तरह सब कुछ चलते रहने दिया जाता है.











