गालूडीह : झारखंड में खतियान आधारित नियोजन नीति बनाने की मांग को लेकर सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अमित महतो ने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के युवाओं में जागरुकता लाने के उद्देश्य से बुधवार को युवाओं के साथ 21 किलोमीटर की दौड़ लगायी है. उन्होंने इसकी शुरुआत पुतरु टोल गेट से की है. फिर गालूडीह थाना क्षेत्र के पुतरु, दारिसाई, बेराहातु, देवली, निश्चितपुर, पैरागुड़ी, बिरहिगोड़ा, बागबिन्दा, सालबनी, बांधडीह, घुंटीया, आमचुड़िया, छोटाख़ुर्शी बड़ाखुर्शी होते हुए वापस पुतरु टोल गेट पहुंचकर 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी की है. इस दौरान उनके साथ चल रहे स्थानीय युवाओं ने हेमंत सोरेन एवं उनके सरकार के गलत नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की. युवाओं ने 60/40 नीति नहीं चलेगी, हेमंत सोरेन होस में आओ, खतियानी को पहचान दो, नियोजन नीति लागू करो, झारखंडीयों को अपना हक़ दो, झारखंडीयों को रोजगार दो, बाहरियों को नौकरी देना बंद करो, छात्रों के भविष्य के साथ खेलना बंद करो आदि नारे लगा रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्व विधायक अमित कुमार महतो ने झारखंड में अब तक बनी सभी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य निर्माण के 22 वर्ष गुजर जाने के बाद भी अब तक कोई स्पष्ट नियोजन नीति नहीं बन सकी है. नियोजन नीति नहीं रहने से स्थानीय युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है. युवकों के अधिकार को बाहरी लोग लूट रहे हैं. झारखंड के युवा पलायन करने को मजबूर हैं. उन्होंने कहा कि पूरे राज्य के युवाओं के साथ मिलकर उन्होंने यह आंदोलन 11 फरवरी से आरंभ किया है. जिसका एकमात्र उद्देश्य राज्य में खतियान के आधार पर नियोजन नीति बनवाना है, ताकि स्थानीय युवकों को लाभ मिल सके. उनकी यह दौड़ यात्रा तब तक चलती रहेगी, जब तक राज्य में खतियान आधारित नियोजन नीति का निर्माण नहीं हो जाता.











