जमशेदपुर : रांची के रिम्स के नए प्रभारी निदेशक डॉ राजीव कुमार गुप्ता ने जमशेदपुर स्थित आवासीय कार्यालय मे जाकर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से शिष्टाचार मुलाक़ात की. इस दौरान रिम्स में बेहतर स्वास्थ्य सेवा बहाल करने हेतु विचार विमर्श किया गया. इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने उम्मीद जताई कि नए निदेशक के आने से रिम्स में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिलेगा और नए तकनीक और टीम भावना के साथ रिम्स में अच्छा वातावरण मिलेगा. दूसरी ओर, विधायक सरयू राय ने रिम्स के नये डायरेक्टर की नियुक्ति को लेकर सवाल उठाये है. श्री राय ने कहा है कि क्या रिम्स के निदेशक की नियुक्ति में नियम का पालन हुआ है? (नीचे भी पढ़ें)
श्री राय ने कहा है कि उन्होंने आरंभ में एक ट्विट कर नवनियुक्त निदेशक को बधाई दी. परंतु बाद में श्री राय को पता चला कि मंत्री द्वारा नियुक्त निदेशक वरीयतम नही हैं. वरीयता में ये दूसर क्रम पर हैं. 6 माह में ये अवकाश ग्रहण कर लेंगे. जो चिकित्सक वरीयतम हैं उनकी सेवा अभी एक वर्ष बाक़ी है. यदि उनकी सूचना सही है तो मंत्री द्वारा नियम विरूद्ध निर्णय क्यों लिया गया. जवाबदेही तो मुख्यमंत्री की भी होगी. क्या मुख्यमंत्री की सरकार में उनके स्वास्थ्य मंत्री नियम क़ानून से ऊपर हैं? विधायक सरयू राय ने ट्विट में कहा है कि रिम्स के नए निदेशक को बधाई. उम्मीद है वे रिम्स के वरीयतम प्राध्यापक होंगे.तभी मंत्री बन्ना गुप्ता ने उन्हें निदेशक बनाया होगा.नियमानुसार रिम्स के वरीयतम प्राध्यापक को ही 6 माह के लिए तदर्थ निदेशक नियुक्त किया जाता है.6 माह में एम्स की तरह विज्ञापन से स्थायी निदेशक नियुक्त कर दिए जाएँगे.











