अनिल कुमार/बोकारो : दिवंगत पूर्व मंत्री जगन्नाथ महतो की पत्नी बेबी देवी राज्य की 11वीं मंत्री बनेंगी. उन्हें मंत्री बनाये जाने की घोषणा होने के बाद से क्षेत्र में जहां समर्थक उत्साहित हैं, वहीं बेबी देवी ने कहा है कि मंत्री जी के अधूरे सपनों को पूरा करने का काम वे करेंगी.बता दें कि जगन्नाथ महतो डुमरी विधानसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार विधायक बने थे. विगत 6 अप्रैल को चेन्नई में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था. निधन के लगभग 3 महीने बाद उप चुनाव से पहले राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मधुपुर पार्ट 2 को डुमरी में दोहराने का काम कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)
सोमवार को राजभवन में बेबी देवी को राज्य की मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी. बेबी देवी ने कहा कि बाबा शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जो आदेश होगा उसे वह क्षेत्र की जनता के लिए करने का काम करेंगी. बेबी देवी ने कहा कि मंत्री के अधूरे कार्यों को वह पूरा करने का प्रयास करेंगी. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से मंत्री क्षेत्र की जनता के दुख दर्द को बांटने का काम करते थे, उसी तरह उनसे मिलकर उनके दुख दर्द को वह भी बांटने का काम करेंगी.














