जमशेदपुर:झारखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, साहित्यिक एवं जनजातीय विरासत को रेखांकित करने तथा उसकी विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से शनिवार को सेंटर फॉर एक्सीलेंस, बिष्टुपुर, जमशेदपुर में ‘झारखण्ड की विरासत : झारखण्ड की पहचान’विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया.संगोष्ठी का शुभारंभ अतिथियों के मंचासीन होने के बाद रूबी पांडेय के सहयोग गीत से हुआ, जिसके उपरांत अतिथियों को शॉल और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया. उपासना सिन्हा की सरस्वती वंदना के साथ दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन हुआ. स्वागत संबोधन डॉ. जूही समर्पिता ने दिया, बीज वक्तव्य डॉ. संध्या सिन्हा ने प्रस्तुत किया और उद्घाटन सत्र का संचालन डॉ. प्रियंका सिंह ने किया.(नीचे भी पढ़े)

बुनियादी ढांचे के साथ ही विरासत संभालने पर जोर: इस मौके पर मुख्य अतिथि टाटा स्टील के अधिकारी जिरोन जेवियर टोपनो ने कहा कि विकास की चर्चा में अक्सर बुनियादी ढांचे पर ध्यान दिया जाता है, जबकि लोग पीछे छूट जाते हैं. उन्होंने बताया कि राज्य की 32 जनजातियों में 9 अत्यंत पिछड़ी हैं और लुप्त होने के कगार पर हैं, जिनमें से 6 को आगे बढ़ाने का कार्य जारी है. जेसीईआरटी के साथ मिलकर कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 6 भाषाओं की पुस्तकों पर काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि आदिवासी प्रकृति को पूर्वज और ईश्वर मानते हैं और पूर्वजों के साथ जुड़े रहने की परंपरा में घर की गृहिणी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उन्होंने इंटरनेट के दौर में बदलते साहित्य माध्यम, ‘सुंडी’नामक व्यक्ति पर बन रही फिल्म, महुआ व करंजी जैसे वृक्षों पर शोध तथा खनिज के साथ-साथ संस्कृति, विरासत और पर्यटन से झारखण्ड की पहचान बनाने पर बल दिया.(नीचे भी पढ़े)
विकास के लिए पर्यटन को बढावा देना जरुरी: विद्यादीप फाउंडेशन के अध्यक्ष और मशहूर लेखक संदीप मुरारका ने कहा कि झारखण्ड पर पड़ने वाले किसी भी प्रभाव का सीधा असर आदिवासियों के जीवन पर पड़ता है, इसलिए यह जरुरी है कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए धार्मिक स्थलों व पर्यटन को बढ़ावा दिया जाए. ऐसा करने से विरासत भी बचेगी और रोजगार का भी सृजन होगा.(नीचे भी पढ़े)
प्रथम सत्र की अध्यक्षता एबीएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार ने की. सारस्वत अतिथि के तौर मशहूर संथाली लेखिका जोबा मुर्मू कार्यक्रम में खास तौर पर उपस्थित रहीं. जोबा मुर्मू ने कहा कि झारखण्ड की असली समृद्धि उसकी जनजातीय संस्कृति, सरहुल-करम-माघे-बाहा जैसे पर्वों, नागपुरी-खोरठा-पंचपरगन या-संथाली-मुंडारी भाषाओं और उलगुलान जैसे जनांदोलनों में है, जिसे बचाने के लिए युवा पीढ़ी को संकल्पित होना होगा. डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि साहित्य ही अस्मिता और भाषाई संकटों के प्रति सचेत करता है.इस सत्र में शोधार्थियों ने शोध-पत्र पढ़े, संचालन डॉ. लक्ष्मी कुमारी ने किया और प्रतिवेदन डॉ. सविता पॉल ने प्रस्तुत किया.द्वितीय सत्र की अध्यक्षता डॉ. रागिनी भूषण ने की. कार्यक्रम में सारस्वत अतिथि के तौर पर मशहूर संथाली लेखिका ताला टुडू मौजूद थीं.साहित्यकारों ने कविताओं व लघुकथाओं के माध्यम से लोकजीवन, प्रकृति और संघर्ष को उकेरा. (नीचे भी पढ़े)
संचालन रजनी रंजन ने किया तथा लघुकथा व कविता प्रतिवेदन क्रमशः सविता सिंह मीरा और आरती श्रीवास्तव ‘विपुला’ने दिए.निम्नलिखित लोगों ने झारखण्ड की विरासत पर काव्य पाठ किया. नीलम पेडीवाल, आभा(सुनो स्वर्णरेखा), आशा(प्रकृति करती श्रृंगार), अनिता निधि (झारखंड की पावन माटी)रीना गुप्ता, श्रुति, लक्ष्मी सिंह रुबी, राखी, आलोक मंजरी(झारखंड की विरासत), ज्योति. वहीं वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता ने ‘झारखंड की विरासत झारखंड की पहचान’ पर आधारित एक संस्मरण ”असली दूत” पढ़कर सुनाया जिसमें आदिवासी ग्रामीण क्षेत्रों की जीवनशैली की ऐसी खूबियों के बारे में बताया, जिसकी बदौलत झारखण्ड के गांव इतने साफ-सुथरे होते हैं.समापन सत्र में जमशेदपुर को- ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ अमर सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे. मुख्य अतिथि का स्वागत डॉ. भारती कुमारी ने किया. डॉ. पुष्पा कुमारी ने सार प्रस्तुत किया और डॉ अनिता शर्मा ने संचालन किया.मुख्य अतिथि ने विरासत के संरक्षण में साहित्य व अकादमिक विमर्श की भूमिका बताई. अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए गए. राष्ट्रगीत के साथ संगोष्ठी संपन्न हुई.















