जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक में उपायुक्त द्वारा सभी बीडीओ से जानकारी ली गई की प्रखंडों में कम से कम 20 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है या नहीं. उन्होने बताया कि मौसम खराब रहने पर बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, अन्य समयों में स्थिति सामान्य रहती है. सभी प्रखंडों में मानव दिवस सृजन बढ़ाने पर जोर देते हुए स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी ग्राम पंचायत से ज्यादा से ज्यादा योजना का चयन कर प्रस्ताव दें, जो योजना स्वीकृत हो गया उसमें काम शुरू कराएं. बड़ौदा घाट का एप्रोच रोड निर्माण 15 जनवरी तक पूर्ण करने का निदेश दिया गया. बैठक में जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का जन्म प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया, ताकि पात्र विद्यार्थियों को इस महत्वपूर्ण दस्तावेज का लाभ सुनिश्चित किया जा सके. (नीचे भी पढ़े)
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 100 प्रतिशत अनुदान पर बकरा, सुकर, ब्रॉयलर कुक्कुट, बैकयार्ड लेयर कुक्कुट एवं बत्तख चूजा वितरण के लिए प्रखंडवार निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश सभी बीडीओ को दिया गया. बैठक में यक्ष्मा से ग्रसित 3,682 मरीजों को न्यूट्रीशनल फूड बास्केट की आपूर्ति सुनिश्चित करने, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में बायोमेट्रिक मशीन की स्थापना तथा हेल्थ एंड वेलनेस गतिविधियों के नियमित आयोजन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए. साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की मरम्मती का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा गया. शिक्षा एवं आधारभूत संरचना से जुड़े मामलों की समीक्षा में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, डुमरिया में पेयजल की समस्या के समाधान हेतु निकटतम जलमीनार से विद्यालय तक पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. बैठक में 4,025 बच्चों का बैंक खाता खोलने के लिए विभिन्न बैंकों में आवेदन प्रपत्र जमा किए जाने की जानकारी दी गई. इस संबंध में अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को संबंधित बैंकों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर लंबित प्रक्रिया में तेजी लाने एवं खातों का खुलवाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इसके अतिरिक्त सरकारी भवनों की मरम्मती एवं चारदीवारी निर्माण, सीड प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना के लिए बालीगुमा में भूमि का सीमांकन तथा विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया. (नीचे भी पढ़े)
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत जिले के सभी 8 प्रखंडों में वेस्ट टू आर्ट सैनिटेशन पार्क के निर्माण के लिए प्रत्येक पार्क हेतु 10-10 डिसमिल भूमि आवंटित करने का निर्देश संबंधित अंचल अधिकारियों को दिया गया. उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, निदेशक एनईपी राजेश कुमार, एडीएम मुकेश मछुआ, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, एसडीओ घाटशिला, कृषि, पशुपालन एवं संबद्ध विभागों के पदाधिकारी समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता व अन्य सभी संबंधित उपस्थित थे.















