घाटशिला : घाटशिला महाविद्यालय में इंटरमीडिएट कक्षा में नामांकन प्रारंभ होते ही छात्रों की भीड़ उमड़ पड़ी है. दो दिनों में ही नामांकन के लिए विद्यार्थियों ने 1068 प्रोस्पेक्टस खरीद लिया है. मालूम हो कि घाटशिला क्षेत्र से दसवीं कक्षा उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं 11वीं कक्षा में नामांकन के लिए पहली पसंद घाटशिला महाविद्यालय ही रखते हैं. इसका कारण यह बताया जा रहा है कि यहां इंटरमीडिएट कक्षा संचालन हेतु 21 योग्य शिक्षकें हैं. निरंतर कक्षा का भी संचालन होता है. नामांकन में भी काफी कम शुल्क यहां लगता है. गैर प्राइक्टिकल विषय के साथ कला में 1119, वाणिज्य में 1519 तथा विज्ञान में 1525 रू. मात्र लगता है जो न सिर्फ पूर्वी सिंहभूम जिला बल्कि पूरे कोल्हान विश्वविद्यालय क्षेत्र के महाविद्यालयों में सबसे कम है. इसके साथ इस महाविद्यालय का इंटर में काफी अच्छा रिजल्ट भी रहा है. बारहवीं कक्षा का जो इस वर्ष परिणाम आया है उसमें घाटशिला कॉलेज से 644 विद्यार्थी फर्स्ट डिवीजन से उत्तीर्ण हुआ है.(नीचे भी पढ़े)
यही कारण है कि घाटशिला क्षेत्र के दसवीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी अपना नामांकन घाटशिला महाविद्यालय में ही करवाने के इंतजार में थे. दसवीं कक्षा का परिणाम आते ही यह भ्रम फैल गया था कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होने से डिग्री महाविद्यालयों में इस वर्ष इंटर का नामांकन नहीं होगा. कोई निराकरण नहीं होते देख अभिभावक डिग्री महाविद्यालय का पर लगाए आश को छोड़कर अपनी सुविधानुसार बच्चों का नामांकन अन्य इंटर कॉलेज व स्कूल में करवाने लगे. अब जब घाटशिला महाविद्यालय में इस वर्ष नामांकन प्रारंभ हो गया तो गरीब विद्यार्थियों में खुशी की लहर जगी और नामांकन के लिए घाटशिला महाविद्यालय में पहुंच गए. इस संबंध में प्राचार्य डा आर के चौधरी ने बताया कि डिग्री महाविद्यालयों में इंटरमीडिएट नामांकन को लेकर जो दुविधा की स्थिति थी, वह समाप्त हो गया है. नामांकन प्रारंभ करवा दिया गया.(नीचे भी पढ़े)
नामांकन को लेकर आज जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्य की बैठक हुई. बैठक में पूर्व स्वीकृत सीटों में कटौती कर नामांकन लेने कहा गया है. आज पहले दिन घाटशिला महाविद्यालय में 182 विद्यार्थियों ने अपना नामांकन करवाया. जबकि दो दिनों में 1068 विद्यार्थियों ने अपना नामांकन प्रपत्र-प्रोस्पेक्टस खरीदा है. साथ ही उन्होंने बताया कि नामांकन प्रपत्र सत्यापन करवाने में विद्यार्थियों को कोई कठिनाई ना हो, इस हेतु कमरा संख्या 24 में हेल्प डेस्क लगाया गया है. जहां कला, विज्ञान एवं वाणिज्य विषय के शिक्षकों द्वारा छात्रों के नामांकन प्रपत्र का सत्यापन किया जाता है.




