जमशेदपुर : जमशेपुर के कदमा स्थित केरला पब्लिक विद्यालय के प्रांगण में आइसीएसइ और आइएससी बैच के तत्वाधान में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल जीके मिश्रा(कमांडिंग ऑफिसर 37 झारखंडल बटालियन जमशेदपुर) मौजूद थे. विद्यालय के निदेशक शरत्चन्द्रन, शैक्षणिक निदेशिका लक्ष्मी शरत, प्रिंसिपल शर्मिला मुखर्जी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया. विद्यालय की प्रिंसिपल शर्मिला मुखर्जी ने सभा को सम्बोधित किया. बच्चों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का अभिनन्दन किया. विद्यालय की प्रिंसिपल ने गत वर्ष के वार्षिक रिपोर्ट को पेश करते हुए विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला. तत्पश्चात बच्चों ने स्वागत गीत के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया. विद्यालय के निदेशक शरत् चन्द्रन ने सभा को सम्बोधित करते हुए के मनोबल को बढ़ाया. उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उनका उत्साह बढाया.(नीचे भी पढ़े)
विद्यालय के शीर्षस्थ बच्चों को ट्राफी एवं सर्टिफिकेट देकर उन्हें गौरवान्वित किया गया. मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को प्रबन्धक, शिक्षक- शिक्षिकाएँ एवं विद्यार्थियों के प्रयास का परिणाम बताया. उन्होंने उनसे हिम्मत और ईमानदारी से अपना कार्य करने का आग्रह किया. उन्होंने छात्रों को छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित करने और प्रत्येक लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करने की सलाह दी. उन्होंने माता-पिता से आगे कहा कि वे अपने बच्चे की तुलना किसी से न करें क्योंकि हर बच्चे की अपनी क्षमता होती है. अंत में विद्यालय की मुख्य अध्यापिका अलमेलु रविशंकर ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम को समाप्ति की ओर अग्रसर किया. राष्ट्रीय गीत के साथ सभा की समाप्ति की गई. कुल मिलाकर 164 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया. विद्यालय की प्रिंसिपल ने बच्चों के सपनों को साकार करने की प्रेरणा दी. उन्होने यह भी कहा कि केरला पब्लिक विद्यालय के लिए यह गौरवपूर्ण, उत्साहवर्द्धक समय है.



