जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा टाटा स्टील प्रोक्योरमेंट विभाग के अधिकारियों और व्यवसायियों के बीच वोकल फॉर लोकल के तहत नये व्यवसायियों और चैम्बर सदस्यों को टाटा स्टील लिमिटेड में व्यवसाय के अवसर उपलब्ध कराने हेतु वेंडर निबंधन और पुराने वेंडरों को टाटा स्टील के साथ अपने व्यवसाय को सुचारू रूप से करने में हो रही परेशानियों के समाधान हेतु वेबिनार का आयोजित किया गया. इस वेबिनार में 117 चैम्बर सदस्यों ने हिस्सा लिया. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि टाटा स्टील के उच्च अधिकारियों के साथ लगातार बैठक कर टाटा स्टील में नये वेंडरों को निबंधन में हो रही परेशानियों और पुराने वेंडरों को अपने व्यवसाय को टाटा स्टील के साथ लगातार सुचारू रूप से करने में हो रही समस्याओं के मद्देनजर बात उठाई थी. इसके तहत टाटा स्टील के उच्च अधिकारियों ने प्रोक्योरमेंट विभाग को चैम्बर के साथ समय-समय पर बैठकों का आयोजन कर इन मुद्दों को सुलझाने का निर्देश दिया था. इसी के तहत इस वेबिनार का आयोजन किया गया जिसमें प्रोक्योरमेंट विभाग के अधिकारी अनिल ठाकुर, पवन कुमार, प्रत्युष कुमार पति एवं श्वेता हलवाई उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़े)
वेबिनार के माध्यम से अधिकारियों ने नये वेंडरों के निबंधन हेतु प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक बताया, जिसमें व्यवसायियों को अपने जीएसटी विवरण, सर्टिफिकेट ऑफ इन्कॉर्पोरेषन, पार्टनरशिप डीड, कंपनी मैंनेजमेंट का विवरण, कंपनी के तीन वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरा, कार्य क्षेत्र की प्रवृति इत्यादि ऑनलाईन माध्यम से अपलोड करना होगा. तत्पश्चात् कंपनी इन प्रपत्रों के आधार पर वेंडर अप्रूव करेगा और वेंडर कोड जेनरेट कर व्यवसायी को उपलब्ध करायेगा. उसके बाद टाटा स्टील द्वारा समय-समय पर व्यवसायी के कार्यक्षेत्र के अनुसार उन्हें समय-समय पर इन्क्वायरी ऑनलाईन के माध्यम से भेजा जायेगा. टाटा स्टील ने व्यवसायियों को प्रोक्योरमेंट विभाग का हेल्पलाईन नंबर और ई-मेल आईडी भी उपलब्ध कराया जिनपर व्यवसायी अपनी परेशानियों को कंपनी के समक्ष रख सकता है. वेबिनार में अध्यक्ष विजय आनंद मूनका विषय प्रवेश करते हुए वेबिनार की शुरूआत की तथा धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष नितेश धूत ने किया. वेबिनार में अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, मानद महासचिव मानव केडिया, उपाध्यक्ष नितेश धूत, सचिव भरत मकानी, कोषाध्यक्ष किशोर गोलछा, पूर्व महासचिव भरत वसानी, पवन शर्मा के अलावा अन्य सदस्यगण उपस्थित थे.











