सरायकेला : शनिवार को सिनी में हुए एक बड़े हादसे में चार मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गये हैं. यहां रेलवे क्वार्टर में काम करते समय चार मजदूर दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद घायल मजदूर घंटों 108 एंबुलेंस के इंतजार में तड़पते रहे. मामले की सूचना मिलते ही खरसावां के पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय की पहल कर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सभी घायलों को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जमशेदपुर रेफर कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

इधर मामले की सूचना मिलने पर सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचे पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय ने झारखंड सरकार के 108 एंबुलेंस की सेवा की लचर व्यवस्था पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में यही फर्क है. घायलों को यदि समय पर एंबुलेंस सेवा मिल जाती तो उनकी स्थिति नाजुक नहीं होती. (नीचे भी पढ़ें)

उनके साथ मौजूद देवराज षाड़ंगी एवं मनोहर महतो ने निजी खर्च पर घायलों को एमजीएम अस्पताल भेजवाया. घायलों में बुधन सिंह गगराई (35), संगी बोदरा (35) बेसेन बोदरा (35) एवं कृष्णा बोदरा (25) शामिल हैं. बताया जा रहा है कि घटना के बाद मुंशी मौके से फरार हो गया, जबकि इतनी बड़ी घटना के बाद रेलवे के किसी भी अधिकारी ने इसकी सुधि नहीं ली. बताया जा रहा है कि रेलवे का काम चल रहा था, जिसमें सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया. इसी वजह से यह हादसा हुआ है.



