जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र में मंगलवार को कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव के निर्देश पर डेंगू की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान चलाया गया. इसके तहत मानगो चौक, नीलगिरि कॉलोनी, आशियाना रेसिडेंसी, न्यू पुरुलिया रोड आदि क्षेत्रों में माइकिंग कर प्रचार प्रसार कर लोगों को डेंगू की रोकथाम के लिए जागरूक किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम की संयुक्त टीम की ओर से नगर निगम क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया गया. इसमें डेंगू की रोकथाम के लिए नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर डेंगू के लार्वा की जांच की गई. जांच के दौरान जिनके घर पर डेंगू का लार्वा या जलजमाव पाया गया, उन लोगों पर कार्रवाई करते हुए उनसे जुर्माना वसूला गया. आज अभियान के दौरान कुल ₹11000 जुर्माना के रूप में वसूल हुए. इसके अलावा अभियान के दौरान लोगों को अपने घर के आस-पास गंदगी नहीं फैलाने एवं जल जमाव नहीं होने देने की चेतावनी दी गई. आज अभियान में जिन लोगों से जुर्माना वसूल किया गया उनमें सनशाइन डेवलपर, एस ठाकुर, मिटकॉन मेगा स्किल सेंटर, सरवर हाशमी, राजेश कुमार, नीलिमा देवी, सुधीर सिंह, मो इम्तियाज, एस आलम, के तिवारी सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं.(नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा कई क्षेत्रों में डेंगू की रोकथाम के लिए फॉगिंग भी कराई गई. शंकोसाई रोड नंबर 5 , जयगुरु नगर,कालिका नगर रोड नंबर 5सी, आशियाना ग्रीन वैली, ओल्ड पुरुलिया रोड,डिमना रोड, राजा मैदान उलीडीह, विशाल मेगा मार्ट आदि क्षेत्रों में फॉकिंग कराई गई. अभियान में मानगो नगर निगम के नगर प्रबंधक जितेंद्र कुमार, राहुल कुमार, कुणाल सिंह, प्रदीप कुमार के साथ ही निकाय के अन्य कर्मचारी व स्वास्थ्य विभाग के डॉ अरशद एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी शामिल थे.











