जमशेदपुर : आदिवासी नेत्री एवं समाजसेवी स्वर्गीय निशा भगत की आत्महत्या, उनके अंतिम बयान एवं उनके पिता द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के विरोध में भाजपा कदमा मंडल द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया. कदमा मंडल अध्यक्ष उपेंद्र गिरि के नेतृत्व में रंकिणी मंदिर गोलचक्कर, कदमा में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं झारखंड सरकार का पुतला दहन कर न्याय की मांग की गई. प्रदर्शन के माध्यम से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, सीबीआई जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में मुख्य रूप से एसटी मोर्चा जिला अध्यक्ष रमेश बास्के, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के महामंत्री संजय रजक, मंडल महामंत्री अरविंद महतो एवं राजू सिंह, मंडल उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह लोधी, रोहित कुमार, अनमोल कुमार, बिट्टू कुमार, कृष्णा प्रसाद, रविंदर सिंह सरदार, प्रणव दास सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, उपेंद्र गिरी ने स्पष्ट किया कि निशा भगत को न्याय दिलाने, सच्चाई सामने लाने एवं दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग लगातार उठाई जाती रहेगी.












