जमशेदपुर : एनजीटी की ओर से दिये गये आदेश के आलोक में पेड़ों के आसपास के टाइल्स और सीमेंट और कंक्रीट के कर दिये गये घेराबंदी को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. इसके तहत जमशेदपुर के टेल्को, घोड़ाबांधा समेत आसपास के एरिया में सारे टाइल्स और कंक्रीट के घेरा को हटाया जा रहा है. इसको लेकर एक कमेटी भी एनजीटी के आदेश के आलोक में जमशेदपुर के उपायुक्त ने बनायी है, जिसमें अपर उपायुक्त जमशेदपुर, डीएफओ जमशेदपुर, जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी, मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, झारखंड प्रदूषण बोर्ड के क्षेत्रीय पदाधिकारी और टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) के सीनियर जीएम को शामिल किया गया है. इसके आलोक में कदम उठाने को कहा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
आपको बता दें कि पेड़ों के आसपास पेड़ों को बचाने के लिए एक मीटर के दायरे में कंक्रीट, टाइल्स और अन्य निर्माण को हटाने का आदेश राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) ने दिया है. इस आदेश के आलोक में यह कार्रवाई की गयी है. 28 अगस्त को गठित कमेटी भी क्षेत्र का दौरा करेगी जबकि इस मामले में 11 सितंबर को तक शपथ पत्र दायर किया गया है. इस मामले में याचिकाकर्ता की ओर से पक्ष रखने वाले अधिवक्ता रविशंकर पाण्डेय ने कहा कि टेल्को स्थित घोड़ाबांधा और आसपास के क्षेत्रो में वन विभाग ने त्वरित कारवाई करते हुए पेंड़ो की जड़ो को मुक्त करने का कार्य शुरू कर दिया है और यह जमशेदपुर के पर्यावरण प्रेमियों के लिए काफी सुखद अनुभव है. इस कार्य के लिए वन विभाग के पदाधिकारी बधाई के पात्र है. आपको बता दें कि रविशंकर पांडेय की ओर से एनजीटी में एक याचिका दायर की गयी थी, जिसके बाद एनजीटी ने सारे पेड़ों के आसपास से कंक्रीट को हटाने का आदेश दिया है.



