जमशेदपुर : जमशेदपुर के जिला दण्डाधिकारी-सह- उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों का पूर्वी सिंहभूम जिला में प्रवास को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया गया. 14 प्रशिक्षु अधिकारी 27 अगस्त से 02 सितंबर तक पूर्वी सिंहभूम जिला में प्रवास पर रहेंगे. आगमन से प्रस्थान के बीच किन-किन स्थलों का अध्ययन यात्रा कराया जाना है, जिसकी समीक्षा की गई तथा आवश्यक सौजन्य प्रस्तुत करने का निदेश दिया गया. जिला दण्डाधिकारी-सह- उपायुक्त ने कहा कि जनजातीय जीवन एवं जीवनयापन विषय पर अध्ययन हेतु भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी आ रहे हैं. जिला प्रशासन का प्रयास होगा कि झारखंड की कला, वास्तु कला, साहित्य, संगीत, दर्शन, भाषा, संस्कृति से जुड़ी समृद्ध विरासत से सभी रूबरू हो सकें तथा अच्छी यादें लेकर वापस लौटें जिससे आगे उनके सेवाकाल में जिले में प्रवास का अनुभव काम आ सके.











