जमशेदपुर: टेल्को मजदूर यूनियन टाटा मोटर्स के संवेदक गोल्ड लाइन की मनमानी के खिलाफ कंपनी का गेट जाम करेगा. यह जानकारी यूनियन के महामंत्री अंबुज ठाकुर ने शनिवार को साकचीएआईटीयूसी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पत्रकारों को दी. उन्होंने कहा की लगभग आठ माह पूर्व टाटा मोटर्स कंपनी के ठेकेदार गोल्ड लाइन द्वारा ठेका कर्मी प्रेमचंद चौधरी को काम से उस वक्त हटा दिया गया जब उनका इलाज ईएसआई के तहत इलाज चल रहा था. इसी बीच उन्हें अनफिट घोषित कर उन्हें काम से बाहर कर दिया गया. (नीचे भी पढ़े)
आठ माह बीतने के बाद भी ठेकेदार ने उनका फाइनल सेटलमेंट नहीं किया है.अंबुज ठाकुर ने बताया कि इस मामले में उप श्रमायुक्त के पास शिकायत दर्ज करवाया गया है, लेकिन वार्ता के किसी भी तिथि पर ठेकेदार नहीं पहुंचे. ठाकुर ने 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर 15 दिनों में ठेकेदार द्वारा प्रेमचंद चौधरी का फाइनल सेटलमेंट नहीं किया जाता है, तो यूनियन द्वारा टाटा मोटर्स कंपनी के मुख्य गेट जाम कर आंदोलन किया जाएगा. जब तक प्रेमचंद चौधरी को न्याय नहीं मिलेगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा. इसके लिए कंपनी स्वयं जिम्मेवार होगी. इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष बीएन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे.











