जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची के डॉक्टर डा. उन्मेष लुकतुके के क्लीनिक के मोबाइन नंबर पर कॉल और मैसेज कर रंगदारी की मांग करने वाला आरोपी संजय कुमार दास को पुलिस ने उसके सरायकेला खरसांवा स्थित घर से गिरफ्तार किया है. संजय ने डॉक्टर से 20 हजार रुपये की रंगदारी की मांग की थी. शनिवार को पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया. इस मामले में साकची थाना में कदमा निवासी विनोद नंद ने अज्ञात के खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज कराया था. इस मामले में डॉक्टर का एक प्रतिनिधि मंडल एसएसपी प्रभात कुमार से मिल कर कार्रवाई की मांग किये थे. इसके बाद एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 8093225840 के धारक के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिये थे. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि संजीव क्लीनिक के मोबाइल नंबर पर 8093225840 से फोन आया था. फोन करने वाला व्यक्ति ने डॉक्टर से 20 हजार रुपये रंगदारी की मांग किया था. उसके बाद विनोद नंद ने इसकी जानकारी साकची पुलिस को दी. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह जुआ खेलने के कारण कर्ज में डूब गया था. जिसे चुकाने के लिए उसने रंगदारी मांगने की योजना बनायी और फोन कर रंगदारी की मांग की. उसने बताया कि स्मार्ट फोन खरीदने के बाद वह ऑन लाइन जुआ खेलने लगा. जुआ की आदत लगने के बाद वह पेमेंट के अलावे दोस्तों से भी रुपये लेकर जुआ खेलने लगा. इस दौरान वह करीब ढाई लाख रुपये कर्ज में डूब गया. इसी क्रम में डा. उन्मेष लुकतुके के क्लीनिक के मोबाइन नंबर पर कॉल और मैसेज कर रंगदारी के रूप में रुपये की मांग की.












