जमशेदपुर:कला,रंगमंच एवं साहित्य को समर्पित अखिल भारतीय संस्था, संस्कार भारती झारखंड प्रांत की दो दिवसीय साधारण सभा साहेबगंज स्थित बड़ी धर्मशाला में विगत 26 एवं 27 अगस्त को संपन्न हुई. इस अवसर पर नासिक (महाराष्ट्र) से पर्यवेक्षक के रुप में पधारे संस्कार भारती के अखिल भारतीय मंत्री रविंन्द्र बेडेकर, क्षेत्र प्रमुख संजय चौधरी, झारखंड प्रान्त के अध्यक्ष डॉ.सुशील कुमार अंकन, प्रांतीय महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने जमशेदपुर महानगर इकाई के मंत्री विजय भूषण और अध्यक्ष डॉ. रागिनी भूषण के नेतृत्व में जमशेदपुर इकाई में हुए अनोखे, सभी इकाईयों के लिये अनुकरणीय और कीर्तिमान स्थापित करने वाले विभिन्न कला सांस्कृतिक,साहित्यिक और राष्ट्रीय चेतना जागृत करने वाली गतिविधियों की सराहना करते हुए जमशेदपुर महानगर इकाई के मंत्री को पदोन्नति करते हुये, कोल्हान क्षेत्र के विभाग प्रमुख के रुप में मनोनीत किया. (नीचे भी पढ़े)
साथ ही कोल्हान में कला, साहित्य, रंगमंच, लोककला चित्रकला और मूर्तिकला का विकास तथा संवर्धन करने के लिए संस्कार भारती की इकाईयां खडी़ करने का दायित्व दिया. विजय भूषण को विभाग प्रमुख के दायित्व की घोषणा झारखंड प्रांतीय अध्यक्ष डॉ.सुशील कुमार अंकन ने इस दो दिवसीय प्रांतीय साधारण सभा में की. संस्कार भारती जमशेदपुर महानगर इकाई के मंत्री विजय भूषण को कोल्हान क्षेत्र का विभाग प्रमुख बनाये जाने पर सभी सदस्यों में खुशी का माहौल है. अध्यक्ष डॉ. रागिनी भूषण ने विजय भूषण को विभाग प्रमुख के रुप में मनोनीत करने के लिए अखिल भारतीय और प्रांतीय समिति के पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया.साधारण सभा में झारखंड की सभी इकाईयों के प्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद थे. जमशेदपुर महानगर इकाई से मंत्री विजय भूषण के नेतृत्व में प्रांतीय नाट्य विधा सह संयोजिका श्रीमती अनिता सिंह,कोषाध्यक्ष श्रीमती अरुणा झा, मीडिया प्रभारी सह तरुण प्रभा की संयोजिका श्रीमती अरुणा भूषण और सह कोषाध्यक्ष नीलाम्बर चौधरी उपस्थित रहे.














