
जमशेदपुर : देश की सबसे बड़ी इस्पात कारखाना टाटा स्टील के भारत संयंत्रो पर कोरोना की मार पड़ी है. टाटा स्टील द्वारा गुरुवार को जारी किए गए चालू वित्तीय वर्ष के प्रथम तिमाही यानी अप्रैल, मई और जून 2020 के बीच कंपनी ने सिर्फ 411 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है जबकि इसी आलोच्य अवधि में पिछले वित्तीय वर्ष के अप्रैल, मई और जून 2019 के बीच टाटा स्टील में 1570 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था. वैसे टाटा स्टील के जमशेदपुर और कलिंगनगर को मिलाकर टाटा स्टील ने 1193.27 करोड़ रुपये का मुनाफा इस साल कमाया है जबकि बीते वित्तीय वर्ष में टाटा स्टील ने 1538.99 करोड़ रुपए की आमदनी की थी. टाटा स्टील के भारतीय संयंत्र में टर्नओवर में भी गिरावट दर्ज की गई है. कोरोना काल मे टाटा स्टील का भारत मे टर्नओवर 12689 करोड़ रुपये हुआ है जबकि पिछले साल 21129 करोड़ का टर्नओवर था. टाटा स्टील के भारत के वित्तीय परिणाम में टाटा स्टील जमशेदपुर, टाटा स्टील कलिंगानगर, टाटा स्टील भूषण स्टील और टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट (उषा मार्टिन) शामिल है. वैसे बाजार में छाई मंदी के बावजूद टाटा स्टील ने 1.46 मिलियन टन के स्टील का निर्यात करने में सफलता पाई है. टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने बताया कि विपरीत परिस्थितियों में भी टाटा स्टील ने अपने बाजार को बचाने में कामयाबी हासिल की है. टाटा स्टील भारत मे 90 फीसदी संसाधनों का उपयोग शुरू कर चुकी है और बाजार में तेजी से सुधार हो रहा है. अभी टाटा स्टील कॅश फ्लो पर ज्यादा ध्यान दे रही है और नगदी प्रबन्धन पर ध्यान दे रही है ताकि संकट के समय पर काम आ सके.






