
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की बड़ामारा पंचायत के मौरबेड़ा गांव निवासी वृद्ध राम मुर्मू (68) को गुरुवार की देर शाम एक हाथी ने पटक -पटक कर मार डाला. घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह वन विभाग के पदाधिकारी और विधायक समीर महंती गांव पहुंचकर मृतक के परिवारवालों को सांत्वना दिया. और सहयोग के तौर पर विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को मुआवजा के लिए तत्काल 25 हजार रुपए का सहयोग राशि दी गई. मिली जानकारी के अनुसार मृतक राम मुर्मू गुरुवार की शाम बाजार से चावल लेकर पैदल ही अपने गांव मौरबेड़ा जा रहा थे, रास्ते में उसका सामना एक हाथी से हो गया. हाथी ने उन्हें अपनी चपेट मे ले लिया और वही पटक -पटक कर मार डाला. घटना स्थल पर मृतक के पास एक थैला पड़ा हुआ था, थैले में चावल और कटारी है. घटना के बाद ग्रामीण में आक्रोश है. उनका कहना है कि आए दिन हाथियों द्वारा ग्रामीणों को मार दिया जा रहा है लेकिन सरकार और वन विभाग के अधिकारी इस मामले को लेकर कोई ठोस निराकरण नहीं कर रहे है. मौके पर सरकार द्वारा घोषित मुआवजा राशि के तहत मृतक के पुत्र दुखिया मुर्मू को विभाग द्वारा उपलब्ध कराये गये 25 हजार रूपये को विधायक समीर महंती ने उपलब्ध कराया. मौके पर विधायक ने पदाधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द विभागीय प्रक्रिया पूरी कर सरकार द्वारा घोषित मुआवजा राशि परिवारवालों को उपलब्ध करायें. वन विभाग के पदाधिकारियों ने परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी प्राप्त कर शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.







