जमशेदपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर घाटशिला (अजजा) विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी. कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 28 अगस्त तक पूरा किया गया और 2 सितंबर को एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई. दावों और आपत्तियों के लिए 2 से 17 सितंबर तक की अवधि तय की गई है. प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 25 सितंबर तक किया जाएगा. अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 29 सितंबर 2025 को किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,51,367 मतदाता पंजीकृत हैं. इनमें 1,23,314 पुरुष, 1,28,050 महिला और 3 तृतीय लिंगी मतदाता शामिल हैं. इसके अलावा 1 प्रवासी मतदाता और 2,648 दिव्यांग मतदाता सूचीबद्ध हैं. 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 13,308 नए मतदाता जोड़े गए हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक आयु के 636 वरिष्ठ मतदाता दर्ज हैं. क्षेत्र में लिंगानुपात 1038 और ईपी अनुपात 62.73 प्रतिशत है. (नीचे भी पढ़ें)
निर्वाचन विभाग ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान कई मतदान केंद्रों का स्थानांतरण और विभाजन किया गया है. जर्जर भवनों में स्थित मतदान केंद्रों को स्थानांतरित कर नए केंद्र बनाए गए हैं. घाटशिला, गुड़ाबांदा और मुसाबनी प्रखंड में कुल 12 नए मतदान केंद्र गठित किए गए हैं. इनमें सालबनी उच्च विद्यालय, कुरुली उत्क्रमित मध्य विद्यालय, ढेली प्राथमिक विद्यालय, ऊपरसोल प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय, झालडग उच्च विद्यालय, डोमबाड़ी प्राथमिक विद्यालय, तिलाडीह एसबी हाई स्कूल और मुसाबनी प्रखंड कार्यालय परिसर शामिल हैं. डीसी ने बताया कि यह व्यवस्था मतदाताओं की सुविधा और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है. नए मतदान केंद्रों से मतदाताओं को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और मतदान की प्रक्रिया सुचारू होगी. (नीचे भी पढ़ें)
दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के तहत नया नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र -6 भरना होगा, जबकि प्रवासी भारतीय मतदाता का नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र 6ए, नाम विलोपित करने केलिए प्रपत्र-7 एवं नाम, पता, लिंग, आयु, फोटो संशोधन या दिव्यांगजन प्रविष्टि के लिए प्रपत्र-8 भरना होगा. ये सारे आवेदन 2 से 17 सितंबर तक बीएलओ, एईआरओ या ईआरओ को सौंपे जा सकते हैं. आवेदन निःशुल्क है. ऑनलाइन आवेदन voters.eci.gov.in या वोटर हेल्पलाइन ऐप पर भी किया जा सकता है. मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां आगामी 17 सितंबर 2025 तक पेश की जा सकती हैं जबकि उनका निपटारे की अंतिम तिथि आगामी 25 सितंबर 2025 तक है. इसके पश्चात आगामी 29 सितंबर 2025 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा. मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 (टोल फ्री) भी जारी किया गया है. निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी बदलाव और पुनरीक्षण पारदर्शिता तथा मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं.




