चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के अध्यक्ष सोमवारी सोरेन और सभी 12 वार्ड पार्षदों को बुधवार को घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में शपथ दिलाई गयी. शपथ ग्रहण के पश्चात उपाध्यक्ष पद का चुनाव होना था, परंतु उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध राजकुमार मिश्रा उपाध्यक्ष बने. उपाध्यक्ष बनने के बाद झामुमो समर्थकों के साथ सभी झामुमो समर्थित अध्यक्ष और पार्षदो का चाकुलिया पहुंचने पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने गर्म जोशी के साथ भव्य स्वागत किया. सभी जन प्रतिनिधियों ने सर्वप्रथम बिरसा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया. इसके पश्चात झामुमो कार्यकर्ताओं ने सभी जन प्रतिनिधियों का माला पहनाकर भव्य स्वागत किया. मौके पर शिवचरण हांसदा, साहेबराम मांडी, गोपन परिहारी, देवाशिष दास, जगन्नाथ महतो, गणेश दत्त, राजेश सिंह, समेत अन्य उपस्थित थे.



