जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) में स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (गणित/विज्ञान, कक्षा 6 से 8) के कुल 55 पदों पर राज्य सरकार द्वारा नियुक्ति की गई है. इसी क्रम में समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 50 नवनियुक्त सहायक आचार्य को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. वहीं राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले के 5 सहायक आचार्य को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम चंद्रजीत सिंह एवं जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय उपस्थित रहे. उपायुक्त ने नवनियुक्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और सरकार की कार्यप्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा हमारे बच्चों के भविष्य को दिशा देने में आपकी भूमिका अतुलनीय है.(नीचे भी पढ़े)

आप अपनी प्रतिभा का सही उपयोग करें. प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा. शिक्षक से अधिक महत्त्वपूर्ण कोई कार्य नहीं है. आप बच्चों को सही मार्ग दिखा सकते हैं. बच्चों की प्रतिभा और उनके प्रदर्शन के बीच जो अंतर है उसे पाटने का कार्य आपको करना है. उनमें समस्याओं को सुलझाने की क्षमता है, उसे निखारना है और सही दिशा प्रदान करनी है. उप विकास आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि यह आप सभी के जीवन का नया अध्याय है. व्यक्तिगत और प्रोफेशनल जीवन के बीच संतुलन बनाते हुए आप बेहतर से बेहतर योगदान दें. नवीन विचार लेकर आएं. ज्ञान के स्रोत अनेक हो गए हैं. कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस युग में बच्चों का दृष्टिकोण तेजी से बदल रहा है. अतः शिक्षक भी स्वयं को नए परिवेश में ढालें और अपने महत्व को समझें.














