जमशेदपुर : आजादनगर थानाक्षेत्र के पारडीह चौक स्थित एक स्टॉक यार्ड में बुधवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई. मारुति कंपनी के इस यार्ड में खड़ी फोर्ड फिगो कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई और उठते काले धुएं ने पूरे क्षेत्र को ढक लिया. धुआं फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरत इसकी सूचना आज़ाद नगर थाना एवं अग्निशमन विभाग को दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, यार्ड में कार की बैटरी बदली जा रही थी. इसी दौरान जब गाड़ी को स्टार्ट करने की कोशिश की गई, तभी उसमें अचानक आग लग गई. डीएसपी सिकंदर खान ने बताया कि आग ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया. अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पास में खड़ी अन्य गाड़ियां भी आग की चपेट में आ सकती थीं. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलने पर आजादनगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया तब लोगों ने राहत की सांस ली कि बड़ा हादसा टल गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगते ही चारों ओर घना धुआं फैल गया. मौके पर अफरातफरी मच गई, लेकिन पुलिस और दमकल कर्मियों की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में आ गई. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार पूरी तरह से जलकर खाक हो गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.














