जमशेदपुर : जमशेदपुर में 24 घंटे में दो लूट की घटना ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है. इस मामले में जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने हमला बोला है. शासन व्यवस्था पर भी सवाल उठाया है. जमशेदपुर में लगातार दो दिनों में सोनारी एवं बिष्टुपुर में दो बड़े-बड़े लूट कांड के संदर्भ में सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि पूरे झारखंड में विधि व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है उसका यह जीता जागता सबूत है. सांसद श्री महतो ने कहा कि व्यापारियों, उद्यमियों से लेकर आम नागरिक अपने को भयाक्रांत महसूस कर रहे हैं. सांसद श्री महतो ने कहा कि जमशेदपुर की पुलिसिंग पूरी तरह फेल कर गई है. (नीचे भी पढ़े)
आए दिन शहर में चेन और मोबाइल की छिनतई से जनता पहले ही पर त्रस्त थी. अब इस तरह की बड़ी घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि अपराधी बिल्कुल बेलगाम हो गए हैं. सांसद श्री महतो ने कहा कि शहर में गोली चालन की घटनाएं आम हो गई है. दूसरी ओर पूरे शहर में ड्रग्स का व्यापार धड़ल्ले से चलाया जा रहा है जिसके गिरफ्त में युवा पीढ़ी आ रही है. ऐसा लगता है कि पूरा का पूरा पुलिसिया तंत्र ने अपराधियों के समक्ष समर्पण कर दिया है या फिर सांठगांठ कर लिया है. सांसद श्री महतो ने कहा कि घटना के पश्चात अपराधियों का पकड़ना एक बात है और अपराध पर लगाम लगाना दूसरी बात है. इससे पूर्व सांसद श्री महतो ने सोनारी स्थित वर्धमान ज्वेलर्स वाली घटनास्थल का दौरा कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. सांसद श्री महतो ने कहा कि जल्दी ही एक प्रतिनिधिमंडल जिला के उपायुक्त और वरीय आरक्षी अधीक्षक से मिलकर इस संबंध में त्वरित कार्रवाई की मांग करेगा और इस पर भी यदि बात नहीं बनी तो आम जनता आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस पूरी तरह विफलःसरयू राय
जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने लगातार दूसरे दिन शहर में हुई लूट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि कल ज्वेलरी शॉप में लूट की घटना हुई और आज 30 लाख रुपये की लूट हो गई. इससे साफ पता चलता है कि पुलिस पूरी तरफ विफल है. पुलिस को इस बात का विश्लेषण करना चाहिए कि बिष्टुपुर जैसे पॉश इलाके में इस तरह की घटना घटी तो कैसे घटी. पुलिस का सूचना तंत्र क्या कर रहा था. जो खुफिया सूचना देने वाले लोग हैं, वो क्या कर रहे हैं. भारी मात्रा में जो गोपनीय धनराशि इन सूचकों के लिए खर्च की जाती है, उसका क्या फायदा हुआ अगर पुलिस को सूचना ही नहीं मिल पा रही है. संबंधित थाना क्षेत्र में क्या चल रहा है. अगर थानों की पुलिस सक्रिय रहती तो इस तरह की घटनाएं नहीं होतीं. जितना ध्यान पुलिस हेलमेट चेकिंग में लगा रही है, उसका आधा भी अपराध नियंत्रण में लगाती तो ये वारदात होते ही नहीं. उन्होंने कहा कि लगातार दो वारदातों से शहर की जनता में आक्रोश बढ़ रहा है.













