जमशेदपुर : नारी शक्ति का सम्मान और नारी श्रम को प्रोत्साहित करने के लिए टाटा मोटर्स ने अनूठी पहल की है. कंपनी ने शुक्रवार को यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद के कार्य क्षेत्र, प्लांट थ्री स्थित एलपी ट्रिमलाइन (फिटमेंट लाइन) की पूरी बागडोर नारी शक्ति को समर्पित कर दिया. शुक्रवार को प्लांट हेड सुनील तिवारी, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, डिवीजन हेड किरण नरेंद्रन, एचआर हेड प्रणव कुमार, ट्रिम क्षेत्र के ऑफिस बियरर प्रकाश विश्वकर्मा, यूनियन के अन्य पदाधिकारियों समेत प्रबंधन के वरीय पदाधिकारी इस पल के साक्षी बने. (नीचे भी पढ़ें)
प्लांट हेड सुनील तिवारी, अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, एचआर हेड प्रणव कुमार, डिवीजन हेड जीएम किरण नरेंद्रन की गरिमामय उपस्थिति में फीता काटकर एलपी ट्रिमलाइन का उद्घाटन किया गया. इस दौरान तमाम महिला कर्मी पूरे अनुशासन में कार्य के प्रति समर्पित दिखीं. प्लांट हेड ने उद्घाटन के उपरांत महिला कर्मियों से कार्य स्थल पर सेफ्टी, सेवा तथा काम के तौर-तरीके के बारे में संवाद किया एवं जरूरी दिशा निर्देश दिये. वहीं छोटे-मोटे सुधार करने का भी लाइन इंचार्ज को निर्देश दिया. उन्होंने तमाम महिला कर्मियों को दोस्ताना माहौल में अनुशासन और सुरक्षा मानकों को सर्वोपरि मानते हुए लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान महामंत्री आरके सिंह ने प्लांट हेड सुनील तिवारी को अश्वस्त किया कि ये तमाम महिलाएं प्रबंधन के उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतेरेंगी. उन्होंने कहा – हम बीच-बीच में आकर मुआयना भी करेंगे. उन्होंने कहा कि यह पहल प्रबंधन के दूरदर्शी सोच और लैंगिक भेदभाव को दूर करने के लिए उत्कृष्ट माना जाएगा. उन्होंने कहा कि हमारी बहनों में अपार क्षमता है. वे जमीन से लेकर अंतरिक्ष तक अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर यह साबित करने में सफल रही हैं कि अवसर मिले तो वे कुछ भी कर सकती हैं. उन्होंने सभी को अपनी ओर से शुभकामनाएं दीं. साथ ही साथ, उन्होंने महिला कर्मियों से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि पूरे साल में एक भी दुर्घटना न हो, इस लक्ष्य के साथ आप सब काम कर उदाहरण प्रस्तुत करें. (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि हमारी बहनें इस लाइन को सुचारू रूप से चलाएंगी, इसका मुझे विश्वास है. पहले भी हमारी बहनें साथ में काम करतीं थीं, अब पूरी लाइन वो स्वयं रन करेंगी, यह बड़ी बात है. उन्होंने महिला कर्मियों को सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए चौकस रहते हुए काम करने की नसीहत दी.













