रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र में ससुराल आए मध्य प्रदेश के एक युवक का शव तालाब में तैरता हुआ पाया गया है. उक्त युवक आज अहले सुबह शौच के लिए तालाब की ओर निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा. तालाब में नहाने गए ग्रामीणों ने उसका शव तालाब में तैरते देखा, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई. देखते ही देखते तालाब के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया. मृतक के मुंह से झाग भी निकल रहा था. सोनुआ थाना पुलिस शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाने के बाद मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस ससुराल वालों से पूछताछ कर हर पहलू की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किस परिस्थिति में युवक की मौत हुई.



