जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो डिमना रोड स्थित संजय पथ इलाके में रविवार सुबह एक बार फिर गोलियों की आवाज से दहल उठा. सुबह पांच बजे बाइक से पहुंचे अपराधी टेका चौधरी ने अपने साथी के साथ मिलकर बदमाश गुड्डू पांडेय के घर पर चार राउंड फायरिंग की. इस घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई.घटना के बाद से इलाके में भय का माहौल है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आस्था स्पेस टाउन निवासी टेका चौधरी ने वारदात से पहले बाइक से उतरकर गुड्डू पांडेय के घर के कॉल बेल बजायी और गाली-गलौज की. इसके बाद पिस्तौल निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. फायरिंग के दौरान हमलावरों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी निशाना बनाया. घटना के समय गुड्डू पांडेय घर पर मौजूद नहीं था. जिला प्रशासन ने उसे तड़ीपार किया है.(नीचे भी पढ़े)
गोली की आवाज सुनते ही घरवाले बाहर निकले, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे. सूचना मिलने के करीब ढाई घंटे बाद सात बजे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने मौके से तीन खोखा बरामद किया और सीसीटीवी फुटेज जब्त की, जिसमें टेका चौधरी और उसका साथी स्पष्ट रूप से फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं. उलीडीह थाना पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की, मगर वह फरार बताया जा रहा है.जानकारी के अनुसार, टेका चौधरी अमरनाथ सिंह हत्या मामले का आरोपी रह चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हमला पुराने विवाद का परिणाम हो सकता है. बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले गुड्डू पांडेय ने टेका चौधरी की पिटाई की थी, जिसका बदला उसने अब फायरिंग कर लिया. उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2024 में भी गुड्डू पांडेय के घर पर सिंटू सिंह गिरोह ने 15 राउंड गोलीबारी की थी. अब फिर से गोलियों की गूंज ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है














