चाईबाासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा पोस्ट ऑफिस में पदस्थापित उप-डाकपाल 50 लाख फर्जी निकासी मामले में गिरफ्तार किए गए है. उप डाकपाल ने गुवा पोस्ट ऑफिस की विभिन्न जमा योजनाओं में जमा जनता के पैसों से ऑनलाइन जुआ और कसीनो ऐप में लगाने का आरोप है. डाक निरीक्षक की शिकायत पर पुलिस की जांच में इस फर्जीवाड़ा का पर्दाफाश हुआ, तो उप-डाकपाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने अपना जुर्म भी कुबूल कर लिया है.(नीचे भी पढ़े)

विदित हो कि गुवा स्थित डाकघर में पदस्थापित तत्कालीन उप-डाकपाल विकास कुईला ने गलत तरीके से जनता के पैसे की डाकघर से निकासी की. डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं के खाताधारकों की राशि का दुरुपयोग किया और सारा पैसा जुआ में हार गया. यह मामला 1 फरवरी 2023 से 19 जून 2025 के बीच का है.जांच के क्रम में खुलासा हुआ कि आरोपी विकास कुईला ने फर्जी तरीके से पैसे की निकासी की. उस पैसे से ऑनलाइन जुआ के ऐप डेल्टा एक्सचेंज और धूम-999 कसीनो में लाखों रुपए गंवाये. (नीचे भी पढ़े)
इसके अलावा, स्थानीय जुआ जैसे मुर्गा पाड़ा और हब्बा-डब्बा में रकम हार गया.आरोपी के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और डाकघर खातों की जांच में भारी धन के लेन-देन का प्रमाण मिला. पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा (किरीबुरू) के नेतृत्व में एक टीम गठित कर टुंगरी स्थित आवास पर छापेमारी की गयी, जहां से आरोपी को उसकी पत्नी और दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने आरोपी के पास से ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है.













