सरायकेला : बीते 6 अक्टूबर को कांड्रा स्थित अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड के गेट पर नियोजन की मांग को लेकर विस्थापित कालिंदी परिवार की ओर से किए गए शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान कंपनी के सुरक्षा अधिकारी तारकनाथ पर अभद्र व्यवहार, गाली- गलौज और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाया गया है. इस संबंध में कांड्रा निवासी गोविंद कालिंदी ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. आवेदन में कहा गया है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था, किंतु कंपनी कर्मी तारकनाथ ने आंदोलन को बाधित करते हुए जाति सूचक अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया, जो अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत गंभीर अपराध है. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा, 9 सितंबर 2025 को कंपनी के ही आरएन. प्रसाद द्वारा गोविंद कालिंदी को मारपीट की धमकी दी गई थी. आवेदनकर्ता ने दोनों घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने थाना प्रभारी से दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध एससी/ एसटी और बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने तथा घटना की प्रति डीसी और एसपी को भेजने का आग्रह किया है. कालिंदी परिवार ने कहा है कि वे वर्ष 2003 में कंपनी से हुए समझौते के तहत रोजगार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं और उनकी सुरक्षा तथा सम्मान की रक्षा प्रशासन से अपेक्षित है.



