जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना जमशेदपुर के कारोबारी हरिराम सिंह के चंद्रा आवास परिसर की है, जहां अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की. वे डॉ अभिषेक के ससुर भी है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना के पीछे प्रिंस सिंह नाम के एक युवक का हाथ होने की आशंका है. बताया जा रहा है कि प्रिंस सिंह ने करीब 7 दिन पहले हरिराम सिंह से रंगदारी की मांग की थी. रंगदारी की मांग पूरी न होने पर यह गोलीबारी की गयी है. हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और कुछ ही मिनटों में हवा में दो राउंड फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
गोलीबारी की आवाज सुनकर मोहल्ले में दहशत फैल गयी और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. किसी भी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई है, लेकिन इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. सीतारामडेरा थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि की है. करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गयी है. पीड़ित परिवार का बयान भी दर्ज किया जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में इलाके में आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं और पुलिस गश्त व्यवस्था भी कमज़ोर है. लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को रेंजिंग से जोड़कर देख रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है. वहीं, हरिराम सिंह और उनका परिवार बेहद डरा हुआ है और उन्होंने सुरक्षा की मांग की है. अब देखना यह होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज घटना का खुलासा कब तक कर पाती है.



