नई दिल्ली : विश्व की पहली पेशेवर तीरंदाजी लीग आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) ने अपने पहले सीज़न की जबरदस्त सफलता का जश्न दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस और समारोह के साथ मनाया. इस आयोजन में लीग के प्रमुख हितधारक, नामी तीरंदाज और गणमान्य अतिथि शामिल हुए, जिन्होंने भारतीय तीरंदाजी की वैश्विक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में एपीएल के योगदान की सराहना की. इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय और भारतीय तीरंदाजी जगत के दिग्गजों ने भाग लिया, जिनमें 2024 ओलंपिक रिकर्व प्रतिभागी कैथरीन बाउर, अमेरिका के ओलंपियन और सर्वाधिक सम्मानित रिकर्व तीरंदाज ब्रैडी एलिसन, विश्व नंबर 1 ब्रिटेन की एला गिब्सन, विश्व नंबर 2 डेनमार्क के मैथियास फुलर्टन, भारत की दिग्गज तीरंदाज दीपिका कुमारी, 2024 ओलंपिक रिकर्व प्रतिभागी धीरज बम्मदेवरा, कंपाउंड विश्व चैंपियन ज्योति वेन्नम, एशियाई खेलों के पदक विजेता अभिषेक वर्मा, और उभरती भारतीय स्टार चिकिता तानीपार्थी शामिल थीं. (नीचे भी पढ़ें)

इन सभी ने मिलकर वैश्विक और भारतीय प्रतिभा का एक शानदार संगम प्रस्तुत किया. शाम को बॉलीवुड अभिनेता और एपीएल के ब्रांड एंबेसडर राम चरण, आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष डॉ. जोरिस, अध्यक्ष अर्जुन मुंडा, एपीएल के चेयरमैन अनिल कामिनेनी, तथा महासचिव वीरेंद्र सचदेवा सहित शीर्ष भारतीय और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने कहा कि हम हमेशा मानते आए हैं कि भारत में तीरंदाजी को एक पेशेवर मंच मिलना चाहिए, और एपीएल ने उस विज़न को साकार किया है. इसका फॉर्मेट, प्रशंसक जुड़ाव और खिलाड़ियों की भागीदारी ने विश्व तीरंदाजी में एक नया मानक स्थापित किया है. जिन तीरंदाजों को अब वैश्विक मंच मिला है, वे आगे और भी प्रेरणा देंगे और देशभर के युवाओं को इस खेल से जोड़ेंगे. आर्चरी प्रीमियर लीग के चेयरमैन अनिल कामिनेनी ने कहा कि हमें मिली प्रतिक्रिया से हम बेहद उत्साहित हैं. इस लीग ने दिग्गजों और उभरते सितारों को विश्वस्तरीय प्रोडक्शन और कहानी के माध्यम से जोड़ा है. ऐसा कोई अन्य मंच नहीं जिसने यह हासिल किया हो. हमारे टूर्नामेंट में दिखाई गई खेल भावना और उत्कृष्टता ने साबित कर दिया है कि तीरंदाजी का भविष्य बेहद उज्ज्वल है. कार्यक्रम का समापन मीडिया इंटरैक्शन, फोटो सेशन और खिलाड़ियों के टीम रंगों में सजे उत्सव भोज के साथ हुआ. जैसे-जैसे लीग 12 अक्टूबर को होने वाले अपने ग्रैंड फिनाले की ओर बढ़ रही है, पूरे देश में इस ऐतिहासिक प्रथम सीज़न के शानदार समापन की प्रतीक्षा बढ़ती जा रही है.











