जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग पुल के पास शनिवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में टाटा स्टील के वायर रॉड मिल में कार्यरत क्रेन ऑपरेटर प्रमोद कुमार सिंह (57) की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में कार में सवार पांच अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, सभी कर्मचारी अपने एक सहकर्मी के जुड़वा बच्चों के जन्म की खुशी में पार्टी मनाने गए थे. देर रात लौटने के दौरान हुरलुंग के पास उनकी तेज रफ्तार अर्टिगा कार (संख्या अज्ञात) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. (नीचे भी पढ़े)
हादसे के वक्त कार का शीशा खुला हुआ था, जिससे प्रमोद सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. कार में कुल छह लोग सवार थे, जिसमें प्रमोद सिंह, आरके सिंह, उमा शंकर नोनिया (47), नंदू यादव (50), परीक्षित बेनुधर (28), जय बनर्जी (50) और बिनेश टूद्दू (33) शामिल थे. इनमें प्रमोद सिंह की मौत हो गई, जबकि बाकी पांचों घायल हैं. सभी वायर रॉड मिल में कार्यरत हैं. मृतक प्रमोद कुमार सिंह सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भूषण कॉलोनी, बारीडीह के निवासी थे. हादसे की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया. बताया गया कि प्रमोद सिंह और आरके सिंह की विभागीय पदोन्नति दो दिन पहले ही हुई थी, लेकिन खुशी के दो दिन बाद ही हादसे ने परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है.











