जमशेदपुर : सिख पंथ के संस्थापक पहले पातशाही श्री गुरुनानक देव के 556वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर साकची गुरुद्वारा में आयोजित तीन दिवसीय कीर्तन दरबार के दूसरे दिन धार्मिक उत्साह चरम पर रहा. गुरुवार को हजूरी रागी, कीर्तनकारों और ढाडी जत्थे के गायन ने संगत को गुरु की वडियाई से निहाल कर दिया, जबकि धर्म रक्षा की पुकार ने श्रद्धालुओं के हृदयों में वीर रस का संचार किया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम की शुरुआत भाई साहिब भाई सरबजीत सिंह सुचेतगढ़ (हजूरी रागी दरबार साहिब, अमृतसर) के दिव्य कीर्तन से हुई. उन्होंने ‘धन्य नानक तेरी वड्डी कमाई’ और ‘मेरे साहा में हर दर्शन सुख होय’ सबदों का भावपूर्ण गायन कर संगत को गुरु की महिमा में डुबो दिया. फिर सिख स्त्री सत्संग सभा साकची तथा सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था की बीबियों ने सबद-कीर्तन प्रस्तुत कर गुरु नानकदेव जी के गुणगान से वातावरण को भक्तिमय बनाया. मुख्य ग्रंथी भाई अमृतपाल सिंह मन्नन ने गुरु ग्रंथ साहिब के अंगों के अनुसार गुरमत विचार साझा किए. उन्होंने गुरु नानकदेव जी के जीवन के विभिन्न पहलुओं, उनके उद्धारक यात्राओं और सिख इतिहास की गहन व्याख्या कर श्रद्धालुओं को प्रेरित किया. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी पढ़ें: Jamshedpur rural body found : बड़ाबांकी पुल के नीचे मिला नवजात शिशु का शव, तफ्तीश में जुटी पुलिस

धार्मिक दीवान में वीर रस का संचार ढाडी जत्था भाई हरप्रीत सिंह जेठुवाल (अमृतसर साहिब) ने किया. उन्होंने “छेती भेजो कोई रखवाला धर्म बचावन नू” गीत का गायन प्रस्तुत किया, जिसके शब्दार्थ थे कि जब धरती पर जुल्म की इंतिहा हो गई तो धरती ने पुकारा, कोई रखवाला भेजो जो धर्म की रक्षा कर इस दुनिया का उद्धार कर सके. साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान निशान सिंह ने बताया कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी विश्व में शांति और समानता का संदेश दे रही हैं. इस कीर्तन दरबार में बड़ी संख्या में संगत की उपस्थिति सिख पंथ की जीवंतता का प्रमाण है. उधर, पूर्व महामंत्री परमजीत सिंह काले ने कहा कि यह दिवान गुरु नानकदेव जी के उस शिक्षण को जीवंत करता है जिसमें उन्होंने अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का संदेश दिया. आज के दौर में धर्म रक्षा की यह पुकार और प्रासंगिक हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)

बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगत ने दीवान में भाग लिया और सबद कीर्तन गायन प्रस्तुति से संगत निहाल हुई. अंत में गुरु का अटूट लंगर श्रद्धापूर्वक वितरित किया गया, जो गुरु नानक देव जी की समानता और सेवा की भावना का प्रतीक बना. तीसरे दिन के कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें और अधिक संगत के शामिल होने की उम्मीद है.














