जमशेदपुर : बाजार में नकद लेन-देन में आये दिन हो रही कठिनाइयों और छोटे मूल्य वर्ग के सिक्कों की कमी को देखते हुए सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में चैंबर भवन परिसर में कॉइन डिस्ट्रिब्यूशन कैंप आयोजित हुआ. इस का उद्देश्य चैंबर से जुड़े व्यापारियों एवं सदस्यों को छोटे सिक्कों की सुविधा उपलब्ध कराना था, जिससे बाजार में नगदी का सुचारू प्रवाह बना रहे. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के प्रारंभ में अध्यक्ष मानव केडिया ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि चैंबर व्यावसाय हित में लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहता है. काफी दिनों से सदस्यों का सुझाव आ रहा था कि बाजार में रेजगारी की कमी है और इससे दैनंदिन व्यापार संचालन में दिक्कत हो रही है. व्यापारियों की समस्याओं के मद्देनजर चैंबर ने आज केनरा बैंक के सहयोग से कॉइन वितरण शिविर का आयोजन किया है. चैंबर महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि यह शिविर व्यापारियों के लिए उपयोगी साबित होगा. उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से बाजारों में क्रेता-विक्रेता दोनों को लाभ होगा. चैंबर के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि व्यवसाय के उत्थान के लिए समुचित मौद्रिक व्यवस्था आवश्यक है. बाजार में रोज के लेनदेन में व्यापारियों, विशेष कर खुदरा व्यापारियों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए चैंबर में आज इस शिविर का आयोजन किया गया है. इस शिविर के प्रति व्यापारियों के रुझान को देखते हुए बैंकों के सहयोग से इस कार्यक्रम को नियमित अंतराल में आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

कैंप में अतिथि के रूप में उपस्थित केनरा बैंक के प्रबंधक प्रदीप कुमार ने सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की उपलब्धता व्यापारिक लेन-देन में पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित करती है. उन्होंने चैंबर के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे व्यापारिक समुदाय के लिए उपयोगी कदम बताया.धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सचिव ट्रेड एंड कॉमर्स भरत मकानी ने बताया कि सिक्कों के आवंटन में पूरी पारदर्शिता बरती गई है. चैंबर का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर चेंबर के अनेक सदस्य उपस्थित थे और सभी ने कॉइन वितरण की इस पहल की प्रशंसा की. कार्यक्रम में मुख्य रूप से अध्यक्ष मानव केडिया, महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, सचिव भरत मकानी, विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, कार्य समिति सदस्य मनोज गोयल, अमित संघी एवं अन्य उपस्थित थे.














